उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में भाई की कलाई पर राखी बांधकर लौट रही दो सगी बहनों की खुशियां दर्दनाक हादसे से मातम में बदल गई। शनिवार दोपहर मंडराव गांव के पास कार की टक्कर से बाइक सवार बड़ी बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटी बहन घायल हो गई। बाइक चला रहे छोटी बहन का पति हादसे में बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के मंडराव गांव में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे कार की टक्कर से बाइक सवार ननकी देवी 65 पत्नी स्वर्गीय रामपाल, निवासी सेमर झाल, थाना नरवल, जनपद कानपुर नगर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बाइक पर उनकी छोटी बहन मुन्नी देवी 55 पत्नी सिद्ध गोपाल, निवासी रासूपुर, थाना औंग भी सवार थीं। हादसे में मुन्नी देवी को मामूली चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी में भर्ती कराया गया। बाइक चालक सिद्ध गोपाल पूरी तरह सुरक्षित बच गए। बताया जाता है कि सिद्ध गोपाल एक दिन पहले अपनी पत्नी मुन्नी देवी और उनकी बड़ी बहन ननकी देवी को लेकर जाफरगंज थाना क्षेत्र के लालपुर गांव स्थित ससुराल गए थे। शुक्रवार को दोनों बहनों ने भाई को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। भाई की कलाई पर राखी बांधने के बाद दोनों बहनें शनिवार को सिद्ध गोपाल के साथ बाइक से अपने-अपने गांव वापस लौट रही थीं।लेकिन घर लौटने की खुशी रास्ते में ही मातम में बदल गई। मंडराव गांव के पास अचानक कार की टक्कर से बाइक अनियंत्रित हो गई और ननकी देवी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।जिस भाई की कलाई पर कुछ घंटे पहले बहन ने राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र की दुआ की थी, उसी पर्व के अगले दिन बहन की मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। हादसे ने रक्षाबंधन की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

