उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ससुराल से पत्नी को छोड़कर वापस घर लौट रहे बाइक सवार किसान को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने हूटर लगी बोलेरो द्वारा टक्कर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार मलवां थाना क्षेत्र के चितौरा गांव निवासी 40 वर्षीय किसान देवेंद्र कुमार पुत्र राजाराम उर्फ पतरावल अपनी पत्नी रूपा देवी को रक्षाबंधन पर ससुराल पीएसी लाइन के पास जयरामनगर छोड़ने गए थे। पत्नी को छोड़कर शाम वे बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे चितौरा मोड़ के पास पहुंचे, फतेहपुर से कानपुर की ओर जा रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों ने देखा है कि एक हूटर लगी बोलेरो फतेहपुर से कानपुर की ओर जा रही थी, उसी ने टक्कर मारी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मलवां राम शंकर सरोज ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

