उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार की सुबह गाजीपुर थाना क्षेत्र के सुकेती गांव में एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय मकान के अंदर मौजूद परिवार मलबे में दब गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। हादसे में 40 वर्षीय रोशन की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी वंदना और सात वर्षीय बेटा नैतिक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह रोशन का परिवार मकान के अंदर था। इसी दौरान लगातार बारिश के बीच अचानक मकान की दीवारें कमजोर होकर भरभराकर गिर पड़ीं। देखते ही देखते पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया और परिवार के सदस्य उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। ग्रामीणों के मुताबिक हादसे के वक्त परिवार के दो छोटे बच्चे मकान के बाहर खेल रहे थे। इस वजह से दोनों बाल-बाल बच गए। वहीं मलबे में दबे रोशन, उसकी पत्नी वंदना और बेटे नैतिक को बाहर निकालने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। मलबे में दबे रोशन को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल वंदना और नैतिक का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। प्रथम दृष्टया लगातार बारिश और जलभराव के कारण मकान की नींव व दीवारें कमजोर होने के बाद हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

