उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के विकासखण्ड ऐरायां के प्राथमिक विद्यालय अल्लीपुर भादर प्रथम में वर्ष 1970 का निर्मित एक पुराना जर्जर भवन भारी बारिश के चलते मंगलवार को आंशिक रूप से ढह गया। सूचना मिलते ही घटना का संज्ञान लेते हुए खण्ड शिक्षा अधिकारी रत्नामणि मिश्रा द्वारा बुधवार को विद्यालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण व जांच के बाद खण्ड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के पूर्व निर्देशों के अनुसार इस भवन की नीलामी प्रक्रिया के उपरांत ग्राम पंचायत द्वारा ध्वस्त कराया जाना था। लगातार हो रही बारिश के कारण ध्वस्तीकरण का कार्य लंबित हो गया था, हालांकि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रधानाध्यापक रमेश चन्द्र और ग्राम प्रधान द्वारा भवन पर पहले ही ताला लगाकर निष्प्रयोज्य घोषित कर अंकन कर दिया गया था। विद्यालय प्रबंधन द्वारा इसका उपयोग पूरी तरह बंद रखे जाने के कारण भवन का हिस्सा गिरने से कोई जनहानि या अप्रिय घटना नहीं हुई। भविष्य में किसी भी खतरे की आशंका को समाप्त करने के लिए 02 सितंबर को खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं प्रधानाध्यापक की मौजूदगी में ग्राम प्रधान द्वारा शेष बचे जर्जर भवन को पूरी तरह ध्वस्त करा दिया गया है। मामले की जानकारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रिंसी मौर्य को भेज दी गई है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

