उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में 03 सितंबर की रात का सन्नाटा अचानक चीख-पुकार और खूनी संघर्ष से टूट गया। औंग थाना क्षेत्र के बीकमपुर गांव में पारिवारिक विवाद के बीच ससुराल पहुंचे पवन विश्वकर्मा ने कथित तौर पर धारदार हथियार से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। देखते ही देखते साला, सलहज और तीन भतीजे समेत पांच लोग घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। हमले के बाद घायलों ने आत्मरक्षा और बीच-बचाव में पवन को काबू करने की कोशिश की। इसी दौरान पवन को चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद एक साला राजू विश्वकर्मा के लापता होने से मामला और उलझ गया है। पुलिस उसकी तलाश के साथ पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। बताया गया कि पवन की पत्नी गुजरात में बच्चों के साथ रहती है और पति-पत्नी के बीच कई वर्षों से विवाद चला आ रहा था। इसी पारिवारिक खटास के चलते पवन का ससुराल पक्ष से भी विवाद था। बुधवार देर रात वह बीकमपुर स्थित ससुराल पहुंचा। किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद स्थिति अचानक बिगड़ गई और आरोप है कि पवन ने धारदार हथियार से परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। ताबड़तोड़ हमले से मची भगदड़, पांच लोग घायल
हमले में साले, सलहज और तीन भतीजे समेत पांच लोग घायल हुए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल फतेहपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। इधर हमले के दौरान पवन को रोकने और परिवार के सदस्यों को बचाने के लिए घायल लोगों ने बीच-बचाव किया। इसी दौरान पवन को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक ने किया घटनाक्रम स्पष्ट, ‘सामूहिक पिटाई’ की बात से किया इनकार सूचना मिलते ही औंग पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रत्यक्षदर्शियों व परिजनों से जानकारी ली। एसपी ने बताया कि अब तक की जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों में यह सामने आया है कि पवन ने परिवार के सदस्यों पर धारदार हथियार से हमला किया था। घायलों ने बीच-बचाव और आत्मरक्षा में उसे काबू करने का प्रयास किया, इसी दौरान उसे चोटें आईं। स्पष्ट किया कि पवन को ग्रामीणों द्वारा सामूहिक रूप से पीट-पीटकर मार डालने का कोई तथ्य अब तक जांच में सामने नहीं आया है। राजू कहां गया? पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल घटना के बाद पवन का साला राजू विश्वकर्मा लापता बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय वह कहां था और बाद में कहां गया। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है। पुलिस के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद प्रथमदृष्टया घटना की पृष्ठभूमि में सामने आया है, लेकिन वारदात की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मामले के हर पहलू की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share