उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले की सदर कोतवाली पुलिस ने ईमानदारी और त्वरित कार्यवाई की मिसाल पेश की है। ई-रिक्शा में छूटे 1 लाख 10 हजार रुपये नकद, करीब 20 हजार के चांदी के जेवरात, गैस चूल्हा और बैग को 24 घंटे के अंदर बरामद कर महिला को सकुशल वापस लौटा दिया। इस सराहनीय कार्य पर पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को 15 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है। आवेदिका शिखा तिवारी पत्नी कृष्ण शरण त्रिपाठी, निवासी 256A पनी मोहल्ला, थाना कोतवाली नगर ने थाने पर प्रार्थना पत्र दिया था। उन्होंने बताया कि वह अपने पिता, सास और बहन के लड़के के साथ ई-रिक्शा से अपने घर से ज्वालागंज बस स्टॉप जा रही थीं। उन्होंने अपना बैग और गैस चूल्हा ई-रिक्शा की छत पर रख दिया था, जिसे ज्वालागंज बस स्टॉप पर उतरते समय वह लेना भूल गईं। इसके बाद सभी लोग अपने पैतृक गांव बमनपुर, थाना थरियांव के लिए निकल गए। थरियांव के पास पहुंचने पर उन्हें बैग और गैस चूल्हा ई-रिक्शा में ही छूट जाने की जानकारी हुई, जिस पर वह अपने पिता के साथ वापस सदर कोतवाली पहुंची और पुलिस से मदद मांगी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश में सीसीटीवी खंगाले, 24 घंटे में मिली सफलता मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने थाना कोतवाली नगर पुलिस को तत्काल बरामदगी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संबंधित ई-रिक्शा की तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने करीब 11 बजे परमा का पुरवा सदर कोतवाली क्षेत्र से बैग व गैस चूल्हा सकुशल बरामद कर लिया। बैग की पहचान कराने पर उसमें 1 लाख 10 हजार रुपये नकद, लगभग 20 हजार कीमत के चांदी के आभूषण और अन्य सामान मिला। आवेदिका ने सामान की पहचान अपना बताया, जिसके बाद नियमानुसार पूरा सामान उन्हें सुपुर्द कर दिया गया। ई-रिक्शा चालक महेश पुत्र मेघनाथ, निवासी परमा का पुरवा ने बताया कि उसे ई-रिक्शा की छत पर बैग और गैस चूल्हा छूटा हुआ मिला था और वह संबंधित लोगों की तलाश कर रहा था। पुलिस के पहुंचने पर उसने ईमानदारी से पूरा सामान वापस कर दिया।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share