उत्तर प्रदेश कौशांबी जिले में देश की राजधानी दिल्ली के साकेत थाना क्षेत्र में महिला पत्रकार शाहीन खान और नफीसा खान के साथ मारपीट एवं दुर्व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर पत्रकार संगठनों में नाराजगी है। इसी क्रम में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब, कौशांबी ने सोमवार को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कौशांबी को सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन में कहा गया कि महिला पत्रकार कवरेज के दौरान अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन कर रही थीं। आरोप है कि उन्हें हिरासत में लेकर साकेत थाने ले जाया गया, जहां उनके साथ कथित तौर पर मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया। पत्रकारों की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि उनकी धार्मिक पहचान को लेकर सवाल किए गए। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने मारपीट के आरोपों को तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक बताया है। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब ने सवाल उठाया कि क्या किसी महिला पत्रकार का मुस्लिम होना अपराध है? क्या सत्ता से सवाल पूछना गुनाह है? पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जनता की आवाज उठाते हैं। यदि कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ कथित तौर पर इस तरह का व्यवहार होता है तो यह प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।क्लब ने ज्ञापन के माध्यम से छह सूत्री मांगें रखीं। इनमें पूरे मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच, घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच, शिकायत पर निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई, महिला पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल है।क्लब ने राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की। देशभर के पत्रकार संगठनों ने भी इस मामले में स्वतंत्र जांच और कार्रवाई की मांग उठाई है। इस मौके पर अध्यक्ष अली मुक्तेदा, संस्थापक डीएस यादव, संरक्षक प्रसिद्ध मिश्रा, महामंत्री इंतेजार रिजवी, संगठन मंत्री शनि राज वर्मा, कोषाध्यक्ष रामकिशन पटेल, आकाश मिश्रा, दिलशाद अहमद, आबिद, फ़ैज़, मेराज, अली अहमद, मोहम्मद यासीन, अनिरुद्ध पांडे, सत्येंद्र खरे समेत दर्जनों पत्रकार मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share