फतेहपुर जिले की हुसैनगंज विधान सभा से योगी सरकार में पूर्व राज्यमंत्री रहे रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह को सोशल मीडिया पर खुलेआम जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी में गोली मारने पर 50 लाख नकद, फॉर्च्यूनर गाड़ी और 10 बीघा जमीन इनाम देने तक का ऐलान किया गया है। मामले ने जिले की सियासत में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।भाजपा हथगाम मंडल अध्यक्ष गणेशी लाल साहू निवासी तेहीपारा वार्ड-9 ने हथगाम थाने में तहरीर दी है। तहरीर के मुताबिक फेसबुक पर धर्मवीर सिंह’ नाम की आईडी से लगातार पूर्व मंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक पोस्ट की जा रही हैं। आरोप है कि उसी आईडी से खुलेआम पोस्ट करके कहा जा रहा है कि जो भी धुन्नी भैया को गोली मारेगा या जान से मारेगा उसे 50 लाख रुपये नकद, एक फॉर्च्यूनर गाड़ी और 10 बीघा खेत इनाम में दिया जाएगा।शिकायतकर्ता ने कहा कि इस तरह की पोस्ट से पूर्व मंत्री की छवि धूमिल करने की कोशिश हो रही है और उनकी जान को गंभीर खतरा है। इस मामले में हथगाम थाना प्रभारी अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि भाजपा मंडल अध्यक्ष की तहरीर को गंभीरता से लेते हुए संबंधित फेसबुक आईडी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।सोशल मीडिया अकाउंट की लोकेशन, आईडी किसकी है और धमकी के पीछे कौन है, इसकी साइबर सेल की मदद से जांच की जा रही है। जल्द ही विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस धमकी के बाद पूर्व मंत्री के समर्थकों में आक्रोश है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share