उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिला चिकित्सालय में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितता को लेकर अब सत्ताधारी दल के नेता ने ही मोर्चा खोल दिया है। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष संतोष सिंह राजू ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं 9 सितंबर 2026 को डीएम को दिए गए पत्र में संतोष सिंह ने लिखा है कि जिला अस्पताल में डॉक्टर सरकार की नीतियों के विपरीत कार्य कर रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि कल थाना हुसैनगंज के किशुनदासपुर निवासी पंकज पुत्र श्रीकृष्ण को गंभीर आपात स्थिति में सदर अस्पताल लाया गया था। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने करीब 2 घंटे तक बिना किसी जांच के मरीज को बिठाए रखा। परिजनों के बार-बार आग्रह के बाद भी इलाज शुरू नहीं किया गया।शिकायत में कहा गया है कि अस्पताल में चक्कर काट रहे दलालों ने मरीज के परिजनों को प्राइवेट अस्पताल में इलाज के लिए प्रेरित किया। जब परिजनों ने संतोष सिंह से संपर्क किया और वे खुद जिला अस्पताल गए, तो एक डॉक्टर ने उनसे झगड़ा करते हुए कहा कि यहाँ कोई इलाज नहीं होगा। डिप्टी सीएमओ से शिकायत करने पर जब वह मरीज को देखने आए तो उनके आने पर ही इलाज शुरू हुआ, जबकि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने मरीज को देखना तक उचित नहीं समझा। संतोष सिंह राजू ने पत्र में मांग की है कि 8 सितंबर 2026 की सायंकाल करीब 8 बजे ड्यूटी में कार्यरत रहे डॉक्टर के खिलाफ उचित विभागीय कार्रवाई की जाए और जिला चिकित्सालय को दलालों से मुक्ति दिलाई जाए। इस शिकायती पत्र के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

