उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले की बिंदकी में अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद में दिन भर तहसील परिसर में बैठे किसानों का मंगलवार को धैर्य जवाब दे गया। अधिकारियों की ओर से कार्यवाई का भरोसा नहीं मिलने पर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी और किसान सड़क पर उतर आए। किसानों ने बिंदकी-ललौली मार्ग पर धरना देकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। सड़क पर धरने के कारण कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। भाकियू तहसील अध्यक्ष सुधीर सिंह उर्फ बबलू सिंह ने बताया कि गौरी गांव में काली माता मंदिर जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत को लेकर किसान तहसील पहुंचे थे। इसके साथ ही बेरमपुर गांव में कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर भी कार्यवाई की मांग की जा रही थी। किसानों का कहना था कि दोनों मामलों में संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।मंगलवार को किसान अपनी मांगों को लेकर तहसील परिसर में दिनभर अधिकारियों की कार्रवाई का इंतजार करते रहे। काफी समय बीतने के बाद भी जब उन्हें ठोस कार्यवाई होती नजर नहीं आई तो किसानों में नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद भाकियू कार्यकर्ताओं और किसानों ने बिंदकी-ललौली मार्ग पर धरना शुरू कर दिया।धरने के दौरान किसानों ने प्रशासन से गौरी गांव के मंदिर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा बेरमपुर में कब्रिस्तान की भूमि की जांच कराकर कथित अवैध कब्जे को हटाने की मांग की। किसानों ने कहा कि शिकायतों पर समय रहते कार्यवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। सड़क पर किसानों के धरने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद किसानों ने प्रशासन से समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग दोहराई।इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष अंगद सिंह, प्रचार मंत्री सुखराम, प्रकाश पटेल सहित भाकियू के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share