उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दिनांक 18 सितम्बर 2026 को संदिपनी पब्लिक स्कूल, अदमापुर कोरसम, बिंदकी में प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक द्वारा कार्यक्रम स्थल का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी बिंदकी को कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित करते हुए स्पष्ट दायित्व सौंपने तथा सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व राष्ट्रपति से भेंट करने वाले व्यक्तियों एवं अतिथियों की सूची पूर्व में प्राप्त कर आवश्यक सत्यापन कराने तथा प्रोटोकॉल के अनुसार प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को कार्यक्रम स्थल, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग, निर्धारित रूट, बैरिकेडिंग एवं यातायात नियंत्रण सहित आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं क्रियाशीलता, आपातकालीन निकासी मार्ग तथा अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ सहित मेडिकल टीम, आवश्यक औषधियों, चिकित्सा उपकरणों एवं एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को कार्यक्रम स्थल पर तैयार एवं परोसे जाने वाले भोजन तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की नियमित जांच करते हुए आवश्यकतानुसार नमूने लेकर नियमानुसार कार्यवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खंड विकास अधिकारी मलवां को कार्यक्रम स्थल, निर्धारित रूट एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, झाड़ियों की कटाई, स्वच्छता व्यवस्था एवं कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। निर्धारित रूट का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क की स्थिति, गड्ढों की मरम्मत, आवश्यक साइनेज, बैरिकेडिंग एवं साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक कार्य समय से पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। साथ ही कार्यक्रम स्थल एवं निर्धारित रूट पर विद्युत लाइनों, पोल, केबल, अस्थायी विद्युत कनेक्शन, जनरेटर एवं अन्य विद्युत उपकरणों का परीक्षण कर आवश्यक विद्युत सुरक्षा उपाय तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति हेतु वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं का पूर्व में स्थलीय सत्यापन करते हुए कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी बिंदकी को नोडल अधिकारी नामित करते हुए सभी विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित कर निर्धारित प्रोटोकॉल एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी बिंदकी, क्षेत्राधिकारी पुलिस बिंदकी, नायब तहसीलदार मलवां, खंड विकास अधिकारी मलवां, विद्युत विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share