उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के सदर कोतवाली के आबूनगर स्थित श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि पेट्रोल पंप और बस स्टाप के पास शादीशुदा जोड़ों को गिफ्ट कूपन के नाम पर रोककर उनका नाम-पता लिया जाता है और फिर आबूनगर स्थित ऑफिस में इंटरव्यू व सम्मान के बहाने बुलाया जाता है।पीड़ित अभिषेक शर्मा और अनुराग तिवारी निवासी बलेसर गून समेत कई लोगों ने बताया कि ऑफिस में गुड़िया सोनी नाम की महिला मैनेजर और 5-6 लड़कियों का ग्रुप लोगों को स्कीम समझाता है। पहले 2 लाख जमा करने पर सालाना 40 हजार मिलने, बच्चों की ग्रेजुएशन तक फ्री पढ़ाई और विदेश में पढ़ाने व टूर का लालच दिया जाता है। पूछने पर बताया जाता है कि कंपनी के अपने स्कूल-कॉलेज दुबई तक में हैं। लखनऊ और दिल्ली में सर्च करने पर कोई कॉलेज नहीं मिला। पीड़ितों के अनुसार आखिर में कहा जाता है कि आज ही 30 हजार रुपये जमा करने पर ही यह ऑफर मिलेगा क्योंकि 1000 लोगों में से 25 लोग चुने गए हैं। कई लोगों से 25 से 35 हजार रुपये तक स्कैन कराकर ले लिए गए। रसीद पर लिखा है कि यह अमाउंट रिफंडेबल नहीं है।मामला कोतवाली चौकी पहुंचा तो महिला मैनेजर गुड़िया देवी को पुलिस ने बुलाया। उन्होंने सभी जमाकर्ताओं को पैसे वापस करने का आश्वासन दिया। पीड़ितों के साथ आए अधिवक्ताओं ने कहा कि यह संगठित ठगी है और श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस जैसी बड़ी कंपनी के नाम का दुरुपयोग किया जा रहा है, इसलिए पूरे मामले की गहन जांच होनी चाहिए। पीड़ितों ने लिखित शिकायती पत्र दिया है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

