उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में आज सोमवार को थाना मलवां क्षेत्र के कस्बा मलवां में खाना बनाते समय हुए तेज धमाके के कारण एक मकान के ढह जाने से दुःखद हादसा हो गया। घटना में मलबे में दबे कुल सात लोगों को पुलिस, फायर सर्विस एवं स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया तथा उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज फतेहपुर भेजा गया। हादसे में चार लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि तीन घायलों का उपचार चल रहा है। इनमें एक घायल की स्थिति गंभीर बताई गई है। घटना की सूचना प्राप्त होते ही जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने तत्काल घटना स्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस, फायर सर्विस एवं अन्य राहत दलों से रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान में खाना बनाते समय अचानक तेज धमाका हुआ, जिसके बाद मकान भरभराकर गिर गया। धमाके के कारण आसपास के मकानों को भी क्षति पहुंचने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, फायर सर्विस एवं स्थानीय लोगों द्वारा मलबा हटाकर उसमें दबे लोगों को बाहर निकाला गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा घटना की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। घटना के वास्तविक कारणों की जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Total Views: 0

By

Share
Share