उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के बिंदकी नगर में अपनों को खोने का दुख पहले ही परिवार पर भारी होता है। ऐसे में अंतिम संस्कार में देरी होने पर शव को सुरक्षित रखने की चिंता परिजनों की परेशानी और बढ़ा देती है। इसी पीड़ा को समझते हुए श्री बालाजी सेवा न्यास ने मानवता की ओर एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाने का निर्णय लिया है। न्यास अब जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क शव फ्रीजर बॉक्स उपलब्ध कराएगा। न्यास की आयोजित बैठक में इस सेवा को शुरू करने का निर्णय लिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि बिंदकी नगर में शव रखने के लिए डीप फ्रीजर बॉक्स की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं है। कई बार किसी व्यक्ति के निधन के बाद अंतिम संस्कार में विभिन्न कारणों से विलंब हो जाता है। ऐसी स्थिति में परिजनों को शव सुरक्षित रखने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। न्यास की यह पहल ऐसे परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। न्यास की ओर से केवल शव फ्रीजर बॉक्स की सुविधा ही नहीं दी जाएगी, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी। वहीं, यदि कोई परिवार आर्थिक रूप से असहाय है और अंतिम संस्कार का खर्च उठाने में सक्षम नहीं है तो जरूरत पड़ने पर अंतिम संस्कार का पूरा खर्च न्यास द्वारा वहन किया जाएगा।अध्यक्ष लक्ष्मीचंद्र मोना ओमर ने कहा कि संस्था का उद्देश्य किसी परिवार के दुख की घड़ी में उसके साथ खड़ा होना और यथासंभव उसकी परेशानियों को कम करना है। उन्होंने बताया कि समाजसेवा को और व्यापक बनाने के लिए संगठन में युवा विंग और महिला विंग का भी गठन किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ा जा सके।न्यास की इस पहल की बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने सराहना की और जरूरतमंद परिवारों तक सेवा का लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया। इस मौके पर अनूप गुप्ता, अनूप अग्रवाल, रामजी गुप्ता, संजय अग्रवाल, विमलेश कुमार, महेंद्र कुमार, रमेश चंद्र, शरद, अंशुल गुप्ता, सुंदरम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share