उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र के डांडा अमौली ग्राम पंचायत के मजरे रमदिनवापुर में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब नव विवाहिता प्रियंका देवी पत्नी विश्वम्भर निषाद का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। वहीं मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि घरेलू कलह और प्रताड़ना के चलते प्रियंका की मौत हुई है। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद शव को फंदे से नीचे उतारा जा सका। घटना के बाद गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। बताया जा रहा है कि प्रियंका का पति विश्वम्भर दो दिन पहले ही घर से मुंबई के लिए निकला था। इसके बाद गुरुवार सुबह घर में उसका शव फंदे पर लटका मिला। प्रियंका की शादी नवंबर 2025 में जाफरगंज थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव में हुई थी। उसके पिता की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। मृतका के दो भाई गोवा में रहकर काम करते हैं, जबकि मां कमलेश देवी गांव में ही बहुओं के साथ रहती हैं।ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार सुबह मृतका के ससुर राम विशाल पशुओं के लिए चारा लेने खेत गए थे। चारा लेकर वापस लौटने पर घर के अंदर आंगन की ओर जाने वाला गैलरी का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने और दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद छत पर स्थित आंगन का जाल काटकर रस्सी के सहारे नीचे उतरा गया और दरवाजा खोला गया। अंदर कमरे में प्रियंका का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।

ग्रामीणों के मुताबिक घटना के समय मृतका की सास और ननद के घर पर होने की बात सामने आई है। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।घटना के बाद जाफरगंज, चांदपुर सहित आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। मृतका के दोनों भाई गोवा में रहते हैं और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है।कार्यवाहक थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के भाइयों के आने का इंतजार किया जा रहा है। मायके पक्ष के लोगों से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को लेकर बातचीत चल रही है। पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्यवाई की जाएगी।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

