उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में किसानों और मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर किसान मजदूर मोर्चा के पदाधिकारियों ने फतेहपुर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से 11 सूत्रीय मांगें उठाई गईं। मोर्चा ने केंद्र और प्रदेश सरकार से किसानों, मजदूरों तथा गरीब परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराने की मांग की। ज्ञापन में किसान मजदूर आयोग का गठन कर उसे संवैधानिक दर्जा देने, पशुपालन से जुड़ी महिलाओं को किसान सम्मान निधि की तर्ज पर आर्थिक सहायता देने और किसानों की आय दोगुनी करने के वादे को पूरा करने की मांग की गई। इसके अलावा कीटनाशक दवाओं, जैविक खाद और कृषि यंत्रों की कीमतें कम करने, यूरिया की बोरी 150 रुपये तथा डीएपी की बोरी 600 रुपये में उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
मोर्चा ने स्वास्थ्य बीमा की धनराशि पांच लाख से बढ़ाकर दस लाख रुपये करने, किसानों और मजदूरों के बेटे-बेटियों के लिए सरकारी नौकरियों में आरक्षण कोटा निर्धारित करने तथा वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन बढ़ाकर पांच हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की। ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र जरूरतमंदों को आवास सुविधा का लाभ बढ़ाने की भी मांग की गई। ज्ञापन में थानों में गरीबों की एफआईआर दर्ज करने के नाम पर कथित धन उगाही बंद कराने और फतेहपुर के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त कराने की मांग भी शामिल रही। मोर्चा ने मरीजों को बाहर से दवाएं लिखे जाने पर रोक लगाने की बात कही। इसके साथ ही हसवा ब्लॉक सहित जिले के अन्य ब्लॉकों में आवास योजनाओं के सर्वे में कथित अनियमितताओं की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग उठाई गई। रामपुर थरियांव ग्राम सभा के सीतापुर गांव में बारातशाला बनवाने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से रखी गई। धरना-प्रदर्शन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर सिंह पटेल की देखरेख में आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका पाल, प्रदेश महासचिव महावीर गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष विमलेश सोनकर तथा जिला अध्यक्ष किसान प्रकोष्ठ सदाशिव विश्वकर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने किसानों और मजदूरों के हितों को सर्वोपरि बताते हुए मांगों के निस्तारण पर जोर दिया।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share