उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र के गड़रियन डेरा मजरे सातोंपीत गांव में किसान सीताराम पाल की हत्या के मामले में पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील की है। घटना स्थल के आसपास से बरामद संदिग्ध वस्तुओं की पहचान कराने और हत्यारोपित तक पहुंचने के लिए पुलिस ने सूचना देने वाले को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार, 11 अक्तूबर 2026 की रात अज्ञात व्यक्ति ने करीब 63 वर्षीय सीताराम पाल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह अपने घर से करीब 150 मीटर दूर खेत के पास स्थित मुर्गी फार्म में सो रहे थे। अगले दिन उनका शव मिला था। घटना स्थल के आसपास तलाशी के दौरान पुलिस को एक लाल रंग का गमछा, वॉकरू (WALKAROO) लिखा हुआ एक काला चप्पल और गमछे में बंधी कुछ पत्ती वाली तंबाकू बरामद हुई थी। पुलिस को आशंका है कि ये वस्तुएं संदिग्ध व्यक्ति से संबंधित हो सकती हैं। इनकी पहचान के आधार पर हत्याकांड की जांच में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इन वस्तुओं के संबंध में जानकारी हो या वह इनके मालिक को पहचानता हो, तो वह पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की ओर से सूचना देने वाले को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। सूचना देने के लिए संपर्क नंबर: पुलिस अधीक्षक 9454400268 क्षेत्राधिकारी, थरियांव: 9454401290 प्रभारी निरीक्षक, थाना असोथर: 9454403333 पुलिस ने लोगों से अपील की है कि हत्याकांड से जुड़ी कोई भी जानकारी होने पर तत्काल दिए गए नंबरों पर सूचना दें, ताकि आरोपित की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने में मदद मिल सके।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share