उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले से स्कूली बच्चों की बस लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। जिसमें चार स्कूली छात्रों की मौत हो गई जबकि 25 बच्चें घायल हो गए। हादसे में फतेहपुर जिलें के खखरेरू थाना क्षेत्र और धाता ब्लॉक के दो छात्रों की भी जान चली गई। घटना से दोनों क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को आगरा और मथुरा में पिकनिक कराकर वापस लौट रही थी। बस में 50 छात्र समेत करीब 60 लोग सवार थे। मंगलवार सुबह करीब छह बजे कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में टॉयलेट के लिए बस एक्सप्रेस वे किनारे रोकी गई थी। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई बच्चे घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वालों में फतेहपुर के सरवनपुर नेदौरा निवासी 17 वर्षीय जैद अहमद और धाता ब्लॉक के जहांगीर नगर गहुरे निवासी18 वर्षीय अरमान शामिल हैं। जिसमें जैद कक्षा 10 और अरमान कक्षा आठ का छात्र था। इनके अलावा कौशांबी निवासी 14 वर्षीय आर्यन चौरसिया और 16 वर्षीय रजीउल्ला की भी मौत हो गई। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। एक छात्र और स्कूल प्रबंधक सलमान की हालत गंभीर होने पर कानपुर हैलेट रेफर किया गया है। डीएम और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। हादसे की वजह ट्रक चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Total Views:
0
