उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के खखरेरू थानां क्षेत्र के कुल्ली गाँव निवासी युवक के साथ दर्दनाक हादशा हो गया युवक सिराथू क्षेत्र में डंपर से बालू उतारते समय हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि गांव में सूचना पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। इस घटना ने एक बार फिर हाईटेंशन लाइनों के नीचे भारी वाहनों से कार्य कराने की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, गुरुवार की दोपहर 26 वर्षीय शिवम सिंह सिराथू क्षेत्र में डंपर से बालू खाली कर रहा था। इसी दौरान डंपर का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट फैलते ही शिवम उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिराथू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। इस हादसे ने परिवार के पुराने जख्म भी फिर हरे कर दिए। परिजनों के अनुसार शिवम के पिता स्वर्गीय जयचंद सिंह की वर्ष 2009 में जंगल में आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु हो गई थी। उस दुख से परिवार पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि अब बेटे की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मृतक की मां सीमा देवी और छोटे भाई अतिराग सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईटेंशन विद्युत लाइनों के नीचे डंपर या अन्य ऊंचे वाहनों से कार्य कराते समय विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है। विशेषज्ञों का भी मानना है कि ऐसे कार्यों के दौरान पर्याप्त सुरक्षा दूरी, चेतावनी संकेत और विद्युत विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन किया जाना चाहिए। जिससे इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्यवाई की जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्यवाई की जाएगी। मानव जीवन सबसे अनमोल है। हाईटेंशन विद्युत लाइनों के आसपास किसी भी प्रकार का कार्य करते समय सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें। प्रशासन, विद्युत विभाग और ठेकेदारों की भी जिम्मेदारी है कि ऐसे कार्यों से पहले सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

