उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि जिले में साइबर सेल एवं साइबर थाना की टीम द्वारा दिनांक 28 सितम्बर से 12 अक्टूबर तक लगभग 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह है कि साइबर फ्रॉड के जिन पीड़ितों की धनराशि 1930 हेल्पलाइन अथवा NCRP पोर्टल के माध्यम से किसी अन्य खाते में होल्ड हुई है, उस होल्ड धनराशि को विधिक प्रक्रिया पूर्ण कराते हुए शीघ्र से शीघ्र पीड़ित के खाते में वापस कराया जा सके। ऐसे सभी व्यक्ति, जिनके साथ साइबर फ्रॉड हुआ है और उन्हें यह जानकारी करनी है कि उनकी शिकायत में कोई धनराशि होल्ड हुई है या नहीं, वे साइबर थाना, चांदमारी, फतेहपुर में जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए साइबर थाना परिसर में प्रतिदिन प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक विशेष कैंप संचालित रहेगा। इस अभियान के अंतर्गत होल्ड धनराशि को दो श्रेणियों में बांटा गया है। यदि होल्ड धनराशि ₹50,000/- से कम है, तो उसे MRM पोर्टल के माध्यम से बिना न्यायालय के रिलीज ऑर्डर के, बैंक एवं पुलिस रिपोर्ट के समन्वय से पीड़ित के खाते में वापस कराया जा सकता है। वहीं यदि होल्ड धनराशि ₹50,000/- से अधिक है, तो उसके लिए न्यायालय से रिलीज ऑर्डर की आवश्यकता होती है। इस संबंध में साइबर थाना में विधिक सहायता एवं परामर्श हेतु विशेषज्ञ भी उपलब्ध रहेंगे तथा न्यायालय से समन्वय स्थापित कर रिलीज ऑर्डर शीघ्र प्राप्त कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिन मामलों में न्यायालय से रिलीज ऑर्डर प्राप्त हो चुका है, उन मामलों में संबंधित बैंक शाखा एवं बैंक मैनेजर से समन्वय स्थापित कर होल्ड धनराशि को पीड़ित के खाते में रिवर्स कराने की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर कराई जाएगी।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

