उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले की खागा कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर गांव में शनिवार तड़के करीब चार बजे बारिश से कमजोर हुआ कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। हादसे के समय कमरे में सो रहे दो भाई मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने आठ वर्षीय आनंद सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं गम्भीर रूप से घायल 11 वर्षीय बड़े भाई गुड्डू सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

ऐरायां ब्लॉक के गोपालपुर गांव निवासी रावेंद्र सिंह गुजरात के सूरत में मजदूरी करते हैं। गांव में उनकी पत्नी नीतू सिंह अपने दोनों बेटों गुड्डू व आनंद के साथ कच्चे मकान में रहती थीं। पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मकान की मिट्टी की दीवारें और छत कमजोर हो चुकी थीं। शनिवार तड़के करीब चार बजे नीतू सिंह दोनों बच्चों को कमरे में सोता छोड़कर मवेशियों को चारा डालने के लिए बाहर चली गईं। करीब बीस मिनट बाद ही अचानक कच्चे मकान की छत भरभराकर ढह गई। तेज आवाज सुनकर नीतू की चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला। आनन-फानन दोनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने आठ वर्षीय आनंद को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में गुड्डू को जिला अस्पताल रेफर किया गया। मृतक आनंद गांव के ही परिषदीय विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

