उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र के ललियापुर गांव के समीप शनिवार शाम बारिश के बीच तेज हवा का झोंका आफत बनकर आया। फरीदपुर कटिलिहा मार्ग किनारे खड़ा विशालकाय आम का पेड़ अचानक भरभराकर सड़क पर खड़ी पिकअप के ऊपर जा गिरा। पेड़ की चपेट में आने से एलटी लाइन के तार टूट गए, जिससे गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं, पेड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हादसा शनिवार शाम करीब चार बजे हुआ। बताया गया कि बारिश के बीच तेज हवा चल रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ा पुराना आम का पेड़ अचानक धराशायी हो गया। पेड़ सीधे वहां खड़ी पिकअप के ऊपर जा गिरा। हादसे में पिकअप की बॉडी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। संयोग से उस समय पिकअप में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसी दौरान खेतों में चारा काटने जा रहीं तीन महिलाएं भी हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गईं। बताया गया कि बारिश का पानी कम होने के बाद महिलाएं खेतों की ओर जा रही थीं। अचानक तेज आवाज के साथ पेड़ गिरता देख तीनों महिलाएं जान बचाने के लिए भागीं। इस दौरान एक महिला को मामूली चोट लग गई, जबकि अन्य दोनों सुरक्षित बच गईं।पिकअप मालिक पवन कुमार ने बताया कि उनकी गाड़ी समर्थ्या डेयरी में लगी है। पिकअप से गांव-गांव दुग्ध समितियों से दूध एकत्र कर डेयरी में पहुंचाया जाता है। शनिवार को दूध खाली करने के बाद वह घर लौट रहे थे। रास्ते में पेड़ के नीचे पिकअप खड़ी कर पास की दुकान पर सामान लेने चले गए। इसी दौरान अचानक पेड़ पिकअप के ऊपर गिर गया और वाहन की बॉडी क्षतिग्रस्त हो गई।पेड़ गिरने से फरीदपुर-कटिलिहा मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। मार्ग बंद होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। लोगों को जोनिहा की ओर से चक्कर काटकर आवागमन करना पड़ा। वहीं, एलटी लाइन के तार टूटने से गांव की विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई।रविवार सुबह करीब दस बजे पेड़ को काटकर हटाने का काम शुरू कराया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक पेड़ हटने के बाद मार्ग पर आवागमन सुचारू होने की उम्मीद है। विद्युत लाइन के तार टूटने के कारण गांव की बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए भी मरम्मत कार्य कराया जा रहा है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

