उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले की खागा कोतवाली क्षेत्र में दीपावली की रात पटाखे जलाने के दौरान हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लिया। कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर टेकारी गांव में सुतली बम फटने से एक बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर टेकारी गांव निवासी संतू का 10 वर्षीय पुत्र सचिन दीपावली की रात पड़ोसी बच्चों के साथ पटाखे जला रहा था। इसी दौरान उसने एक सुतली बम में आग लगाकर फेंका, लेकिन बम नहीं फटा। कुछ देर इंतजार करने के बाद सचिन ने उसे उठाकर अपनी पैंट की जेब में रख लिया। इसी बीच अचानक सुतली बम जेब में ही तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। बदहवास परिजन आनन-फानन में मासूम को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दीपावली की रात जिस घर में खुशियों के दीप जल रहे थे, वहां देखते ही देखते मातम छा गया। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस हृदय विदारक घटना से स्तब्ध हैं। एक छोटी सी लापरवाही ने परिवार के चिराग को बुझा दिया। घटना ने पटाखों के इस्तेमाल के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर उजागर कर दिया है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Total Views: 0

By

Share
Share