उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में बच्चों को अपने जाल में फंसाकर उनके घरों से सोने-चांदी के जेवरात चोरी कराने वाले गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए गिरोह में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर 12 से 14 वर्ष तक के नाबालिग बच्चों को लालच देकर घरों से कीमती आभूषण मंगवाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बच्चों को होटल और रेस्टोरेंट में खाना खिलाने, आईफोन, मोबाइल, वीडियो गेम और रुपये देने के साथ ही रकम दोगुनी करने का लालच देते थे। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की। ऐसे बच्चों को जाल में फंसाते थे आरोपी पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नाबालिग बच्चों को सीधे या उनके साथ पढ़ने वाले सहपाठियों के माध्यम से अपने संपर्क में लेते थे। इसके बाद उन्हें महंगे मोबाइल, आईफोन, वीडियो गेम, रुपये और दोगुना पैसा देने का प्रलोभन देकर घरों में रखे जेवरात लाने के लिए तैयार करते थे। बच्चों को घरों के लॉकर और अलमारियों में रखे आभूषणों की जानकारी होती थी, जिसका आरोपी फायदा उठाते थे।एक मामले में आरोपियों ने पहली बार जेवरात लेते समय नाबालिग का वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो सार्वजनिक करने, मारपीट करने और पुलिस में फंसाने की धमकी देकर बच्चे पर लगातार और जेवरात लाने का दबाव बनाया। पुलिस के अनुसार, आभूषण मिलने के बाद आरोपियों ने बच्चों को न तो लालच में दिए जाने वाले सामान और रुपये दिए और न ही जेवरात वापस किए।तीन घटनाओं का हुआ खुलासा, पुलिस के अनुसार, पहली घटना टीचर्स कॉलोनी, हरिहरगंज निवासी अनुज सिंह के घर की है। उनके 14 वर्षीय भतीजे को घर में रखे सामान की जानकारी थी। आरोप है कि अभय सिंह ने घर के लॉकर से 10 सोने की अंगूठियां, एक हीरे की अंगूठी, सोने का चोकर, दो सोने की जंजीर, एक सोने का मांगसूत्र, दो सोने की चूड़ियां और बच्चे की चांदी की करधनी निकालकर रहमान व अरम को दे दी थीं।दूसरी घटना भी टीचर्स कॉलोनी के उदय शंकर के घर की है। उनके 13 वर्षीय बेटे को उसके सहपाठी कृष्ण के माध्यम से आरोपियों ने अपने संपर्क में लिया। होटल में खाना खिलाने, दोगुना पैसा देने, वीडियो गेम और मोबाइल का लालच देकर घर से जेवरात मंगवाए गए। आरोप है कि पहली बार जेवरात लेने के दौरान बच्चे का वीडियो बना लिया गया और बाद में उसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर और आभूषण लाने का दबाव बनाया गया। इस मामले में एक अंगूठी, एक मांगसूत्र और एक जोड़ी झुमके गायब हुए थे।तीसरी घटना मसवानी निवासी रोहित के घर की है। करीब डेढ़ माह पूर्व उनके घर से सोने की तीन जोड़ी झुमकियां, चार अंगूठियां, एक बड़ा और एक छोटा मांगसूत्र, सोने की नथुनी, बेदी तथा चांदी के नौ सिक्के गायब हो गए थे। जांच में पता चला कि आरोपियों ने उनके करीब 12 वर्षीय भांजे को बहला-फुसलाकर घर से आभूषण निकलवाए थे। दो आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी, पुलिस ने इस मामले में रहमान खान पुत्र कय्यूम खान निवासी मोहल्ला बकरगंज तथा अरम पुत्र इरशाद आलम निवासी मसवानी बकरगंज कोतवाली को गिरफ्तार किया है। दोनों की उम्र करीब 22 वर्ष बताई गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अभिभावकों से की पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की गति विधियों, व्यवहार और संगत पर विशेष नजर रखें। बच्चों को समझाएं कि किसी अनजान व्यक्ति के लालच में आकर घर से रुपये, जेवरात या अन्य कीमती सामान किसी को न दें। यदि कोई व्यक्ति मोबाइल, आईफोन, वीडियो गेम, रुपये या उपहार देने का लालच देकर संपर्क करने की कोशिश करे अथवा होटल रेस्टोरेंट में खाना खिलाने के बहाने बच्चों को अपने जाल में फंसाए तो तत्काल परिजनों को जानकारी दें। किसी भी प्रकार की धमकी या दबाव में आने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Total Views:
0
