उत्तर प्रदेश फतेहपुर जनपद को फाइलेरिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग 19 नवंबर से सर्वजन दवा सेवन अभियान (MDA) शुरू करने जा रहा है। यह अभियान 7 दिसंबर तक चलेगा। इसके तहत जनपद के 11 विकासखंडों में स्वास्थ्य विभाग की 147 टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाएंगी। खास बात यह है कि स्वास्थ्य कर्मी किसी भी व्यक्ति को दवा देकर नहीं लौटेंगे, बल्कि अपने सामने ही दवा का सेवन कराएंगे। बुधवार को आयोजित मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, जिसके लक्षण कई वर्षों बाद सामने आते हैं। संक्रमण शरीर में करीब 10 से 15 साल तक रहने के बाद गंभीर रूप ले सकता है। इससे हाथीपांव और हाइड्रोसील जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान उम्र और लंबाई के अनुसार तीन प्रकार की दवाएं दी जाएंगी।सीएमओ ने बताया कि जनपद के 11 विकासखंडों में माइक्रो फाइलेरिया की दर दो से अधिक होने के कारण इन्हें अभियान में शामिल किया गया है, जबकि प्रदेश का औसत दो है। उन्होंने कहा कि पूर्व में अभियान अपेक्षित रूप से सफल नहीं हो पाने के कारण प्रदेश में फतेहपुर और सीतापुर ऐसे दो जनपद रहे, जहां 11-11 ब्लॉक प्रभावित पाए गए। इस बार स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी ब्लॉक फाइलेरिया के प्रभाव से अछूता न रहे।अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। सभी टीमों के लिए सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। वहीं WHO, PATH और मेडिकल कॉलेज की टीमें भी अभियान की निगरानी करेंगी। प्रतिदिन सीएमओ की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक होगी, जिसमें अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी शामिल होंगे। अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। दवा सेवन के बाद कुछ लोगों को हल्के दुष्प्रभाव जैसे बुखार, जी मिचलाना और सिरदर्द की शिकायत हो सकती है। सीएमओ ने बताया कि संक्रमित व्यक्ति के शरीर में मौजूद माइक्रो फाइलेरिया के नष्ट होने पर ऐसी प्रतिक्रिया हो सकती है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है। इसके लिए रैपिड रिस्पांस डोज (RRD) टीम भी गठित की गई है, जो जरूरत पड़ने पर मरीज को उपचार उपलब्ध कराएगी। आवश्यकता होने पर अस्पताल में भर्ती कराने की व्यवस्था भी रहेगी।अंत में सीएमओ ने मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए जनपदवासियों से अपील की कि स्वास्थ्य विभाग की टीम घर पहुंचे तो उसके सामने ही दवा का सेवन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही फतेहपुर को फाइलेरिया मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Total Views: 0

By

Share
Share